पूरी ताकत से मैदान में उतरें और मिलकर चुनाव लड़ें, जीत सुनिश्चित है : भाजपा


  • वर्चुअल समीक्षा बैठक में नेताओं का कार्यकर्ताओं से आह्वान


भोपाल। सभी विधानसभा क्षेत्रों में हमारी तैयारियां अच्छी चल रही हैं। बस, जरूरत इस बात की है कि हम पूरी ताकत से जीत का मन बना कर मैदान में उतरें और कंधे से कंधा मिलाकर चुनाव लड़ें। यदि हम ऐसा करते हैं तो हमारी जीत सुनिश्चित है। यह बात रविवार को पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने पोहरी, मुंगावली, करैरा, बमोरी और अशोकनगर विधानसभाओं की वर्चुअल समीक्षा बैठक में कही। बैठक में सभी विधानसभा क्षेत्रों के प्रभारी-संयोजक एवं जिला पदाधिकारी उपस्थित थे। इस दौरान मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा, वरिष्ठ नेता व सांसद श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री प्रभात झा एवं संगठन महामंत्री श्री सुहास भगत ने उपस्थित प्रभारियों- संयोजकों व पदाधिकारियों को मार्गदर्शन दिया।


जीतने का मन बना कर मैदान में उतरें: शिवराज सिंह चौहान


समीक्षा बैठक को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने कहा कि जीत का पहला सूत्र है-जीतने का मन बनाना। प्रयास करने से पत्थर भी पिघल जाते हैं। इसलिए जीत का दृढ़ निश्चय करके चुनाव मैदान में उतरें। श्री चौहान ने कहा कि चुनाव में कई फैक्टर काम करते हैं, इसलिए स्थिति का ठीक से विश्लेषण करें। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सभी विधानसभा क्षेत्रों में दुष्प्रचार कर रही है और उसके दुष्प्रचार का आक्रामक होकर जवाब देना हमारे लिए जरूरी है। श्री चौहान ने कहा कि पूरी तरह से कांग्रेस पर टूट पड़ें और मन में कोई हिचक ना रखें। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार एक बड़े लक्ष्य के लिए बनी है। श्री चौहान ने कहा कि सिर्फ बैठकें करना ही पर्याप्त नहीं हैं, जरूरी यह भी है कि हम सरकार के कामों को जनता तक पहुंचाएं। उन्हें भारतीय जनता पार्टी की सरकार और पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के बीच का फर्क बताएं। जनता को यह समझाएं कि विकास के जो काम भारतीय जनता पार्टी की सरकार कर रही है, वह कांग्रेस सरकार के रहते संभव नहीं थे।


विकास के मुद्दे पर लड़ें चुनाव: विष्णुदत्त शर्मा


समीक्षा बैठक को संबोधित करते हुए पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि हमें यह बात मन में बैठा लेनी चाहिए कि चुनाव कोई व्यक्ति नहीं, भाजपा संगठन लड़ रहा है। इसलिए यह चुनाव संगठन के आधार पर लड़ें और विकास को मुद्दा बनाएं। जनता को यह समझाएं कि हमारी केंद्र व राज्य सरकारें विकास और जनता के हित के लिए क्या-क्या काम कर रही हैं। उन्हें यह फर्क बताएं कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार वह काम कर सकती है जो कांग्रेस की सरकारें नहीं कर पाईं। श्री शर्मा ने कहा कि बीते समय में हमारी सरकारों ने जो- जो काम किए हैं, उन्हें जनता तक पहुंचाना है।


परिस्थितियां अच्छी, फिर भी चुनौती मानकर लड़ें: प्रभात झा


पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री प्रभात झा ने समीक्षा बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि जिस तरह की स्थितियां प्रभारियों और संयोजकों ने बैठक में रखी हैं, उनसे यह महसूस होता है कि सभी जगह स्थितियां हमारे पक्ष में हैं। इसके बावजूद हमें यह चुनाव चुनौती मानकर लड़ना होगा और अंचल की सभी 16 सीटों पर जीत की कोशिश करना होगी। उन्होंने कहा कि अगर हम मिलजुल कर यह चुनाव लड़ते हैं तो हमारी जीत में कोई संदेह नहीं है।


जनता से पूछें- क्या वह भ्रष्टाचार और वादाखिलाफी वाली सरकार चाहती है: ज्योतिरादित्य सिंधिया


वरिष्ठ नेता एवं सांसद श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि हमें जनता को सरकार- सरकार का फर्क बताना होगा। जनता के बीच जाएं और यह पूछें कि क्या वह भ्रष्टाचार और वादाखिलाफी वाली सरकार चाहती है? यह भी पूछें कि जनता को दिग्विजय और कमलनाथ की जोड़ी पसंद है या भारतीय जनता पार्टी की विकास को समर्पित संयुक्त टीम। श्री सिंधिया ने कहा कि यह चुनाव सरकार बनाए रखने का चुनाव है, इसलिए इस चुनाव में प्रत्याशी को भुला दें। प्रत्याशी जो भी हो हमें भारतीय जनता पार्टी और उसके झंडे को ध्यान में रखकर चुनाव लड़ना है। श्री सिंधिया ने कहा कि हमें हर सीट पर मतदान का प्रतिशत बढ़ाना है और हमारे मतदाता मतदान केंद्र तक पहुंचें इसका ध्यान रखना है। उन्होंने कहा कि यह करो या मरो की लड़ाई है। श्री सिंधिया ने कहा कि हमारे सारे नेता एक-एक करके कोरोना से निपट चुके हैं, अब हमें कांग्रेस को निपटाना है।


विपक्ष की गतिविधियों पर नजर रखें: सुहास भगत


संगठन महामंत्री श्री सुहास भगत ने बैठक का शुभारंभ करते हुए बैठक में उपस्थित प्रभारियों एवं संयोजकों को उन बिंदुओं की जानकारी दी जिन पर बैठक में चर्चा करना है। उन्होंने कहा कि सभी विधानसभा क्षेत्रों में हाल ही में भाजपा में शामिल हुए नेताओं एवं कार्यकर्ताओं से समन्वय बनाते हुए काम करें। बूथ स्तर तक विभिन्न मोर्चों की और पार्टी कार्यकर्ताओं की सक्रियता बनी रहे, इस पर ध्यान दें। श्री भगत ने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि प्रत्येक विधानसभा में बूथ स्तर तक हमारा सोशल मीडिया पूरी सक्रियता से काम करे और मीडिया के माध्यम से हम जनता के संपर्क में बने रहें। श्री भगत ने कहा कि सबसे अधिक महत्वपूर्ण यह है कि हम विपक्षियों की गतिविधियों पर नजर रखें और उसके अनुसार योजनाएं बनाएं।


 


Comments

Popular posts from this blog

बुरहानपुर में बवाल : दरगाह का ताला तोड़कर अंदर घुसे हिंदू संगठन के कार्यकर्ता, हनुमान जी की प्रतिमा होने का दावा, चोला चढ़ा कर किया हनुमान चालीसा का पाठ

धार्मिक स्थलों पर लाउडस्पीकर मामले में नया मोड़ : कमिश्नर और कलेक्टर को हाईकोर्ट की अवमानना का नोटिस

नप गए SDM, तीन महीने की जेल और 25000 जुर्माना:आइए जानते हैं क्या है पूरा मामला